जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छूरिया। प्रशासनिक अमले ने नगर में संचालित रिषित मेडिकल स्टोर पर एक बड़ी और सख्त कार्यवाही की है। एसडीएम अनिकेत साहू और बीएमओ (खंड चिकित्सा अधिकारी) डॉ. भगत की अगुवाई में राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने दुकान पर औचक छापा मारा। कार्यवाही के दौरान स्टोर का संचालन व वहां मरीजों का इलाज करते हुए डॉ. विश्वास उर्फ पिंकू उपस्थित मिले। अधिकारियों द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर वे दुकान संचालन या इलाज से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या ड्रग लाइसेंस पेश नहीं कर सके ।जांच के दौरान अधिकारियों की टीम उस समय हैरान रह गई जब रिषित मेडिकल स्टोर के रैकों में भारी मात्रा में एक्सपायरी (अमानक व समय-बाह्य) दवाइयां बिक्री के लिए सजी मिलीं। इन प्रतिबंधित और मरीजों की जान जोखिम में डालने वाली दवाओं को टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया। इसी दौरान वहां इलाज करा रही एक महिला मरीज मिली, जिसे 104 डिग्री का तेज बुखार था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए एसडीएम और बीएमओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और उसे छूरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।एसडीएम अनिकेत साहू ने कहा कि बिना वैध कागजात के मेडिकल स्टोर का संचालन, अवैध रूप से इलाज करना और एक्सपायरी दवाओं की बिक्री सीधे तौर पर आम जनता की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया कि नियमों का घोर उल्लंघन करने पर रिषित मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है और डॉ. विश्वास उर्फ पिंकू के खिलाफ सक्ता और कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्यवाही की जा रही है वहीं लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया पर भी काम किया जाएगा इस बड़ी कार्यवाही से नगर के अन्य क्लीनिक और दवा व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। वहीं देखना यहां भी क्या इसी क्रम पर कार्यवाही चलतीं रहेंगी या लोगों के हेल्थ से खिलवाड़ करने का सिलसिला यू ही जारी रहेगा
