रायपुर रेल मंडल के स्टेशनों पर प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीन की सुविधा

रायपुर26 अगस्त /दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यात्रियों द्वारा उपयोग के बाद छोड़ी जाने वाली प्लास्टिक बोतलों के पुनर्चक्रण एवं उचित निपटान के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीन लगाने की योजना बनाई गई है। यात्रियों को यह सुविधा शीघ्र ही उपलब्ध होने लगेगी। रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर कुल 06 प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों के माध्यम से यात्रियों द्वारा उपयोग के बाद फेंकी जाने वाली प्लास्टिक बोतलों को मौके पर ही क्रश किया जा सकेगा। क्रश की गई प्लास्टिक सामग्री का पुनर्चक्रण किया जाएगा। इससे स्टेशन परिसर में प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन में मदद मिलेगी तथा प्लास्टिक बोतलों को इधर-उधर फेंके जाने की समस्या को कम किया जा सकेगा। रायपुर रेल मंडल द्वारा इस सुविधा का विस्तार अन्य प्रमुख स्टेशनों तक करने की भी योजना है। आगामी चरण में दुर्ग, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा एवं भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर भी प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीन स्थापित करने की योजना है। प्लास्टिक बोतलों के संग्रहण, क्रशिंग एवं पुनर्चक्रण की व्यवस्था से प्लास्टिक अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में परिवर्तित करने में सहायता मिलेगी। इससे स्टेशनों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण पर प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभाव को कम करने में भी योगदान मिलेगा। रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे प्लास्टिक बोतलों एवं अन्य कचरे को रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा उपलब्ध क्रशर मशीनों का उपयोग कर स्वच्छ रेलवे स्टेशन और स्वच्छ पर्यावरण बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। यह पहल भारतीय रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *