तस्वीरों से संवाद, सुरक्षा का संदेश , ‘दृश्य संवाद 2026’ में फोटोजर्नलिस्टों को हेलमेट वितरण

रायपुर। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के तीसरे दिन तस्वीरों के साथ-साथ फोटोजर्नलिस्टों की सुरक्षा का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया। फोटो प्रदर्शनी में शहरवासियों, विद्यार्थियों और यातायात पुलिस की सहभागिता रही। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस की ओर से फोटोजर्नलिस्टों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ‘ट्रैफिक हैकाथॉन’ अभियान चलाया जा रहा है। 17 अगस्त से 17 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जाम और पार्किंग जैसी समस्याओं के समाधान के लिए नागरिकों एवं विद्यार्थियों से स्मार्ट सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत यातायात प्रोटोकॉल डीएसपी डॉ. अर्चना झा , और एसीपी यातायात सतीश ठाकुर अपनी टीम के साथ ‘दृश्य संवाद 2026’ में शामिल हुईं और फोटोजर्नलिस्टों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।,

डीएसपी डॉ. अर्चना झा ने कहा कि फोटोजर्नलिस्ट खबरों की कवरेज के लिए लगातार सड़क पर रहते हैं और कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और कवरेज के दौरान सड़क सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित पत्रकार ही लंबे समय तक समाज की आवाज को मजबूती से सामने ला सकता है।

तस्वीरों के पीछे की कहानी जानने उमड़े दर्शक

प्रदर्शनी के तीसरे दिन भी विद्यार्थियों और दर्शकों ने फोटोजर्नलिस्टों से तस्वीरों के पीछे की कहानी, घटनास्थल के अनुभव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई कवरेज के बारे में जानकारी ली। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के जनजीवन, संस्कृति, प्रकृति और बदलते सामाजिक परिवेश की विविध तस्वीरें एक ही मंच पर देखने को मिलीं।

हेलमेट वितरण को फोटोजर्नलिस्टों ने भी सराहनीय पहल बताया। उनका कहना था कि खबरों की तलाश में शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आवाजाही करनी पड़ती है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया यह प्रयास बेहद उपयोगी है।

मोहन तिवारी बोले—फोटोजर्नलिस्ट की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी

रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि ‘दृश्य संवाद’ केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि फोटोजर्नलिस्टों की मेहनत, संघर्ष और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को सामने लाने का मंच है। एक फोटोजर्नलिस्ट कई बार ऐसी जगहों पर पहुंचकर तस्वीरें कैद करता है, जहां सामान्य व्यक्ति के लिए पहुंचना आसान नहीं होता। उनकी एक तस्वीर किसी घटना, समाज या पूरे दौर की कहानी को शब्दों से कहीं ज्यादा प्रभावी ढंग से सामने रख सकती है।
उन्होंने कहा कि फोटोजर्नलिस्टों की सुरक्षा प्रेस क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है। डीएसपी डॉ. अर्चना झा द्वारा हेलमेट वितरण की पहल इसी सोच को मजबूत करती है। पत्रकार खबरों को समाज तक पहुंचाने का काम करते हैं, लेकिन खबरों की कवरेज के दौरान उनकी अपनी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
मोहन तिवारी ने ‘दृश्य संवाद 2026’ को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी फोटोजर्नलिस्टों, विद्यार्थियों, नागरिकों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ की तस्वीरों और यहां के फोटोजर्नलिस्टों की प्रतिभा को देशभर में पहचान मिल सके।

विधायक सुनील सोनी ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन

तीसरे दिन रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी भी फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे। उन्होंने फोटोजर्नलिस्टों से मुलाकात कर उनके साथ संवाद किया और अपने संघर्ष के दिनों में फोटोजर्नलिस्ट साथियों द्वारा किए गए सहयोग को याद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
सुनील सोनी ने कहा कि फोटोजर्नलिस्ट अपनी तस्वीरों के जरिए किसी नेता के संघर्ष, भाव-भंगिमा और व्यक्तित्व को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करते हैं। उन्होंने ओपन कैटेगरी के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े उपस्थित रहे।
फोटो जर्नलिस्टों की ओर से फेस्ट के संयोजक दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी, प्रदीप डडसेना, राजकुमार चतुर्वेदी, रुपेश यादव, नरेंद्र बंगाले, विनय घाडगे, सुधीर सागर, रमन हलवाई, किशन लोखंडे, मनोज देवांगन, विजय देवांगन, पंकज चौहान, हीरा मानिकपुरी, त्रिलोचन मानिकपुरी,, सागर फरीकार,हेमंत गोस्वामी, जय गोस्वामी, पंकज सिंह, राजेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में फोटोजर्नलिस्ट मौजूद रहे।
‘दृश्य संवाद 2026’ फोटो प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए आर्ट गैलरी में खुली रहेगी। दर्शक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।
तीसरे दिन ‘दृश्य संवाद 2026’ ने तस्वीरों के जरिए जहां छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को सामने रखा, वहीं हेलमेट वितरण ने यह संदेश भी दिया कि समाज की तस्वीर दिखाने वाले फोटोजर्नलिस्टों की सुरक्षा भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *