*ख़बर छत्तीसगढ़ से जसीम कुरैशी की रिपोर्ट*
छूरिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे छुरिया थाना, भाजपा कार्यकर्ता आमिर खान पर FIR की मांग
छुरिया। छुरिया में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ता आमिर खान पर प्रदर्शन के लिए बनाए गए पुतले को वाहन से उठाकर ले जाने और कांग्रेस नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता छुरिया थाना पहुंच गए तथा आमिर खान के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता आमिर खान कथित रूप से कांग्रेसियों द्वारा तैयार किए गए पुतले को वाहन में रखकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसमें कांग्रेस पार्षद सोनू खान घायल हो गए।
कांग्रेस का आरोप है कि विवाद के दौरान आमिर खान ने पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर जूता दिखाकर आपत्तिजनक हरकत की, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता छुरिया थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक आमिर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल छुरिया थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
