डबल इंजन सरकार नए कामों में फेल, कांग्रेस सरकार के कार्यों का फीता काटकर ले रही श्रेय – चुम्मन साहू** भाजपा के तीन साल के कार्यकाल पर सवाल, कहा – नया विकास नहीं, केवल पुराने कार्यों का लोकार्पण*

झितराटोला पुलिया दो साल से अधूरी, पहले उसका निर्माण पूरा कराए भाजपा सरकार

(जसीम कूरैशी की रिपोर्ट)
छूरिया कांग्रेस के नेता चुम्मन साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तथाकथित डबल इंजन सरकार नए विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने और उन्हें धरातल पर उतारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास अपनी उपलब्धियों के नाम पर कोई बड़ा नया काम नहीं है, इसलिए कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत और निर्मित कार्यों का बार-बार लोकार्पण कर राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।
साहू ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता को यह बताना चाहिए कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने क्षेत्र के लिए कौन-सा बड़ा विकास कार्य स्वीकृत कराया है। वास्तविकता यह है कि भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधि कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत परियोजनाओं का फीता काटकर वाहवाही लूटने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी हास्यास्पद हो गई है कि जिन कार्यों का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही किया जा चुका है, उन्हीं कार्यों के पुनः लोकार्पण के लिए भाजपा नेताओं द्वारा अपने वरिष्ठ नेताओं को पत्र लिखे जा रहे हैं। यह जनता की आंखों में धूल झोंकने और विकास के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास है।
चुम्मन साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और स्थायी विकास कार्य हुए। कल्लूटोला-बरछाटोला पुल निर्माण, हालकोसा कोलियाटोला पुलिया निर्माण, शिकारीमाहका विद्युत सब-स्टेशन तथा भंडारपुर 132 केवी सब-स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं कांग्रेस सरकार की देन हैं। आज उन्हीं कार्यों का उद्घाटन और लोकार्पण कर भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वास्तव में विकास की चिंता है तो कांग्रेस सरकार के कार्यों का श्रेय लेने के बजाय झितराटोला पुलिया निर्माण जैसे लंबित कार्यों पर ध्यान दें। यह पुलिया पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी हुई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार को पुराने कार्यों का फीता काटने के बजाय झितराटोला पुलिया का निर्माण तत्काल पूरा कराकर जनता को राहत देनी चाहिए।
साहू ने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। क्षेत्र में दिखाई देने वाले विकास कार्य कांग्रेस की दूरदर्शी सोच, योजनाबद्ध कार्यशैली और जनहितकारी नीतियों का परिणाम हैं। भाजपा सरकार को केवल प्रचार और श्रेय लेने की राजनीति छोड़कर नए विकास कार्यों की स्वीकृति, अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने और जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास केवल फीता काटने और फोटो खिंचवाने से नहीं होता, बल्कि नई योजनाओं को स्वीकृत कर उन्हें समय पर पूरा करने से होता है। यदि भाजपा सरकार वास्तव में विकास के प्रति गंभीर है तो अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कर जनता को जवाब दे, न कि कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर अपना नाम लिखने का प्रयास करे।
साहू ने दावा किया कि आने वाले समय में जनता विकास के नाम पर किए जा रहे इस दिखावे का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और वास्तविक विकास करने वालों को ही अपना समर्थन देगी।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *