गायत्री नगर का श्री जगन्नाथ मंदिर भक्तिरस में सराबोर, 9 एवं 10 मई को होगा विराट अखंड हरिनाम संकीर्तन नामयज्ञ


रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित पावन श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में 9 एवं 10 मई 2026 को श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति से ओतप्रोत विराट अखंड हरिनाम संकीर्तन नामयज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। श्री जगन्नाथ सेवा समिति रायपुर द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति एवं जगन्नाथ सेवा समिति ने प्रदेशभर के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि हरिनाम संकीर्तन मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक जागृति का संचार करता है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर “हरे राम, हरे राम, राम-राम, हरे-हरे… हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे…” महामंत्र के अखंड संकीर्तन से निरंतर गुंजायमान रहेगा। संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।

आयोजन की शुरुआत 8 मई 2026 को शाम 4:30 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। पारंपरिक वेशभूषा एवं धार्मिक ध्वजों के साथ निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके पश्चात 9 मई को दोपहर 12 बजे महामंत्र नाम उच्चारण एवं अखंड हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा। वहीं 10 मई, रविवार को पूर्णाहुति, विशेष बैठक तथा विशाल महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा। पूर्णाहुति के उपरांत दोपहर 2 बजे श्रद्धालुओं एवं समिति सदस्यों की बैठक भी आयोजित होगी।

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा की ख्यातिप्राप्त कीर्तन मंडलियां अपनी संगीतमयी प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगी। इनमें प्रमुख रूप से श्री राधे कीर्तन मंडली गौरटेक (सरायपाली), बिजेपुर (सांकरा), लिपास पाली झारसुगुड़ा, केन्दुडीही झारसुगुड़ा, हिलीपाली बरगढ़ एवं कुलता बरगढ़ (ओडिशा) की मंडलियां शामिल होंगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर पेयजल, प्रसाद वितरण, भंडारा एवं पार्किंग सहित व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। लगभग पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए विशेष प्रबंधन किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका, मंत्रीगण, विधायकगण एवं प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति संभावित है।

श्री जगन्नाथ सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से इस भक्तिमय आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर हरिनाम संकीर्तन का आनंद लेने तथा भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *