(जसीम कुरैशी की रिपोर्ट)
छुरिया। कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर भाजपा जबरन श्रेय लेने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भंडारपुर का 132 के.व्ही. विद्युत सब स्टेशन, कोलिहाटोला पुल, कल्लूटोला से बरछाटोला पुल और छुरिया रेस्ट हाउस की नींव पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की देन है, लेकिन भाजपा नेता अब इन कार्यों पर अपना बोर्ड लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
चुम्मन साहू ने कहा कि “भाजपा के नेताओं ने खुद कोई बड़ा विकास कार्य नहीं किया, इसलिए अब कांग्रेस सरकार के समय हुए कामों पर फीता काटकर वाहवाही लूटने में लगे हैं। जनता सब देख रही है कि जिन योजनाओं की शुरुआत कांग्रेस सरकार ने की, आज भाजपा उन्हीं योजनाओं को अपना बताकर राजनीतिक दुकान चला रही है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गांव-गांव में सड़क, पुल, बिजली और जनसुविधाओं का विस्तार किया था, जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश में जगह-जगह शराब दुकान खोलने का काम किया है। भाजपा सरकार केवल प्रचार और फोटोबाजी में व्यस्त है। “विकास कांग्रेस ने किया और श्रेय भाजपा ले रही है। यह जनता के साथ सीधा छल है,” उन्होंने कहा।
चुम्मन साहू ने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा ने खुद कोई बड़ा विकास कार्य किया है तो जनता के सामने उसका हिसाब दे, केवल कांग्रेस सरकार की योजनाओं पर कब्जा जमाकर राजनीति करना बंद करे।
