“बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई” — चुम्मन साहू


जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया:जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम कोकपुर स्थित स्कूल में हुई गंभीर घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर को धान का गोदाम बना देना अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में अवैध रूप से धान का ढेर लगाकर बच्चों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ किया गया, जिसका नतीजा यह हुआ कि एक मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
चुम्मन साहू ने कहा कि यह केवल एक साधारण दुर्घटना नहीं बल्कि स्कूल के प्रधान पाठक और समिति प्रबंधक की घोर लापरवाही तथा संवेदनहीनता का परिणाम है। जिन स्थानों पर बच्चों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिलनी चाहिए, वहां अगर धान का भंडारण किया जाएगा तो ऐसी घटनाएं होना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि दैनिक समाचार पत्रों में यह भी सामने आया है कि जब इस गंभीर घटना को लेकर प्रधान पाठक से बात की गई तो उन्होंने इसे “छोटी-मोटी घटना” बताते हुए “इसे बड़ा मत बनाओ, बच्चा तो पास हो ही जाएगा” जैसा गैरजिम्मेदाराना बयान दिया। चुम्मन साहू ने कहा कि एक बच्चे का पैर टूटना कोई छोटी घटना नहीं है, बल्कि यह बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही और खिलवाड़ का मामला है। इस तरह का बयान जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
जिला कांग्रेस महामंत्री ने शासन-प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किसके संरक्षण में स्कूल परिसर में धान रखा गया और अब तक दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर स्कूल के प्रधान पाठक, समिति प्रबंधक तथा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि घायल छात्र के इलाज की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन उठाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
चुम्मन साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में जल्द और ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनहित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को हर हाल में जवाब देना होगा।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *