जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव रहीं मुख्य अतिथि, दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
जसीम कुरैशी की रिपोर्ट
छुरिया। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक भवन, जनपद पंचायत छुरिया में दिव्यांगजन परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति श्रीमती बिरम रामकुमार मंडावी, जनपद पंचायत छुरिया की सभापति श्रीमती भेषबाई साहू, श्रीमती उत्तरा निषाद, जनपद सदस्य उभयराम मंडावी, श्रीमती रेखा गंधर्व, जैमुन बाई कंवर, श्रीमती सुनीता सेवता,श्रीमती राधिका चन्द्रवंशी, प्रकाश मोटघरे, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सोहन साहू,पहलाद मिश्रा समाजसेवी तथा भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ संयोजक अशोक सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री संजय सिन्हा ने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत उपयोगी हैं। इससे उन्हें आवश्यक उपकरण मिलने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है और वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर होते हैं।विशिष्ट अतिथि श्रीमती बिरम रामकुमार मंडावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए शासन निरंतर प्रयास कर रहा है और समाज के सभी लोगों को भी इनके सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी शिविर समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजनों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।शिविर में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गई। बहुत जल्द उन्हें पात्रता अनुसार समाग्री वितरण की जायेगी।इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी कर्मचारी व जनपद पंचायत छुरिया के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे साथ ही बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन इस शिविर में उपस्थित रहे और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाया।
