भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार दोपहर 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली। विले पार्ले श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जहां सलमान खान, संजय दत्त, अमिताभ बच्चन, आमिर खान सहित कई दिग्गज कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय फिल्म इतिहास में एक युग का अंत बताया। वहीं, मुख्यमंत्री साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र देओल का जाना कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अपने दमदार अभिनय और सिनेमा के प्रति समर्पण के कारण धर्मेंद्र ने करोड़ों दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों व प्रशंसकों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
लंबी बीमारी के बाद निधन
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें हाल ही में ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक उपचार चला। बाद में उन्हें घर ले जाया गया और वहीं उनका इलाज जारी रहा। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और अंततः 24 नवंबर 2025 को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
