प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारों से चर्चा

रायपुर(Raipur)14 सितंबर 2025: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि जब सरकार नाम की संस्था का अस्तित्व समाप्त हो जाता है तब न्यूड पार्टी जैसे आयोजन होते है। न्यूड पार्टी भाजपा के संस्कारों की नग्नता को प्रदर्शित करता है। न्यूड पार्टी के पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होना यह बताता है कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में अराजक तत्व कितने ज्यादा बेलगाम हो चुके है। यह सरकार और पुलिस की नाकामी को दिखाता है। बिना पुलिस और सरकार के संरक्षण के यह संभव नहीं है कि कोई व्यक्ति या संस्था इस प्रकार का आयोजन करने की धृष्टता दिखाये। गृहमंत्री से न कानून व्यवस्था संभल रही और न ही विभाग संभाल पा रहे है। मुख्यमंत्री इस आयोजन के बारे में अपना बयान दे। उनमें साहस है तो इस घटना की जिम्मेदारी तय कर गृह मंत्री को बर्खास्त करे।

एग्री स्टेक पोर्टल में पंजीयन का कांग्रेस विरोध करती है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी की मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने निर्णय लिया है कि बिना एग्री स्टेक पोर्टल में पंजीयन कराएं किसानों से धान खरीदी नहीं होगी। मतलब जिन किसानों का पंजीयन नहीं होगा उनका धान समर्थन मूल्य में नहीं खरीदा जायेगा। कांग्रेस पार्टी लगातार एग्री स्टेक पोर्टल में हो रही पंजीयन की परेशानी को उठा रही है, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। पोर्टल खुल नहीं रहा, किसान परेशान है, पंजीयन हो नहीं पा रहा। सरकार सभी किसानों का पूरा धान नहीं खरीदना चाहती। इसलिए यह सब कठिनाई पैदा की जा रही ताकि पंजीयन नहीं हो। हमारी मांग है धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की पुरानी प्रक्रिया ही अपनाई जाए ताकि सभी किसान आसानी से पंजीयन करवा सके।

8 सालों तक जीएसटी के नाम पर जनता को लूटा, अब एहसान जता रहे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जीएसटी सुधारो पर भाजपा द्वारा गरीब मध्यम वर्ग पर एहसान जता रही है। 2017 से मोदी सरकार ने अतार्किक और मनमाना जीएसटी लगाकर देश की जनता को 8 वर्षों तक लूटा है। अब उसमें कटौती करके 8 वर्षों तक जनता की जेब पर डाले गये डाके के पाप से सरकार बच नहीं सकती है। कांग्रेस ने जीएसटी की बेतहाशा दरों का उसकी समय विरोध किया था। तब मोदी सरकार अपने अहंकार में कटौती करने को तैयार नहीं थी। दवाइयों, आटा, दूध, पनीर, घी एवं खाद्य सामग्री पर 8 सालों तक भारी भरकम जीएसटी वसूल कर जनता का खून चूसने वाले अब एहसान जता रहे है।

एक मध्यम आय वाले का परिवार जो सालाना 3 से साढ़े तीन लाख खर्च करता था, उससे मोदी सरकार ने 8 सालों तक हर साल 50 हजार रू. से अधिक जीएसटी के रूप में वसूला है। कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र पर भी मोदी सरकार ने बेतहाशा जीएसटी वसूला था।

वोट चोर, गद्दी छोड़ के तहत तीन दिन होंगे कार्यक्रम

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वोट चोर, गद्दी छोड़ के तहत कांग्रेस पार्टी के द्वरा तीन दिन तक बड़ा आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान पदयात्रा, मशाल रैली, जनसभाएं आयोजित की जायेंगी। 16 सितंबर को रायगढ़ से कार्यक्रम की शुरूआत होगी जहां हस्ताक्षर अभियान होगा, पदयात्रा होगी, उसी दिन कोरबा में मशाल रैली का आयोजन होगा। 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली, बेमेतरा तथा 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग भिलाई में कार्यक्रम होगा।कांग्रेस के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Author: Sudha Bag

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *