
रायपुर(Raipur) 13/08/2025: छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी रायपुर की पावन धरती गुढ़ियारी एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर दही-हांडी उत्सव का 16वां भव्य आयोजन किया जा रहा है।
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि यह विशाल प्रतियोगिता 17 अगस्त 2025, रविवार शाम 4 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में होगी।इस बार विजेता गोविंदा टोली को ₹11,00,000, 50 सदस्यीय टोली को ₹11,000 और 100 सदस्यीय टोली को ₹21,000 का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। यही इसे प्रदेश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित दही-हांडी उत्सव बनाता है।
देशभर से जुटेंगी गोविंदा टोलियां
इस उत्सव की लोकप्रियता अब केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रही। संयोजक बसंत अग्रवाल के प्रयासों से यह आयोजन राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है।इस वर्ष छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से गोविंदा टोलियां आएंगी।
सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, कवर्धा की 25 स्थानीय टोलियों समेत कई महिला टोलियों ने भी पंजीकरण करा लिया है। महाराष्ट्र, इंदौर और जबलपुर की प्रसिद्ध टोलियां भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।प्रतियोगिता में भागीदारी पूर्णतः निःशुल्क है।
सितारों से सजेगी कृष्णभक्ति की शाम
दर्शकों के उत्साह और गोविंदा टोलियों के हौसले को बढ़ाने के लिए इस बार भी मंच पर नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
- इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे।
- विश्वविख्यात भजन गायिका गीता बेन रबारी अपने भजनों से माहौल को कृष्णमय करेंगी।
- राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त छत्तीसगढ़ी गायिका पूनम-दिव्या तिवारी भी प्रस्तुति देंगी।
- ओडिशा के कलाकार पारंपरिक “घंटा बाजा” और ग्रीस युक्त खंभा चढ़ाई का प्रदर्शन करेंगे।
एक छोटे आयोजन से विशाल उत्सव तक
बसंत अग्रवाल ने बताया कि यह सफर **2010** में महावीर स्कूल के पास एक छोटे मैदान से शुरू हुआ था।तब मोहल्ले की कुछ टोलियां—मुर्रा भट्टी, सतनामी पारा, सुक्रवारी बाजार—भाग लेती थीं।दो वर्षों तक कोरोना के कारण आयोजन नहीं हो पाया, लेकिन अब यह 16वें वर्ष में पूरे जोश और भव्यता के साथ लौट आया है।
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
हजारों दर्शकों और टोलियों की सुविधा के लिए समिति ने बैठने की उचित व्यवस्था की है। प्रशासन के सहयोग से पुलिस बल तैनात रहेगा, साथ ही एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र भी मौजूद रहेंगे।समिति ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली के साथ दुर्घटना होने पर उसकी जिम्मेदारी स्वयं टोली की होगी।
